तमिलनाडु बसपा प्रमुख आर्मस्ट्रांग की हत्या
05-Jul-2024 11:29 PM 5965
चेन्नई 05 जुलाई (संवाददाता) तमिलनाडु में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) इकाई के प्रमुख आर्मस्ट्रांग (52) की शुक्रवार को चेन्नई में उनके घर के सामने ही हत्या कर दी गई। श्री आर्मस्ट्रांग उत्तरी चेन्नई के पेरम्बूर में अपने घर के सामने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे तभी मोटरसाइकिल सवार छह लोगों के एक गिरोह ने रात को लगभग 1930 बजे घातक हथियारों से उन पर हमला कर दिया। पेशे से वकील श्री आर्मस्ट्रांग ने 2007 में पद संभाला था। उनको कई चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गए। उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया जहां लगभग 2045 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल (आरजीजीजीएच) ले जाया गया , इसके बाद शव को उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया जाएगा। श्री आर्मस्ट्रांग की हत्या की खबर फैलने पर बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता अस्पताल के सामने एकत्र हो गए हत्या की निंदा करते हुए नारे लगाए तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए एक पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की हैं तथा इलाके में सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। इस बीच अन्नाद्रमुक महासचिव तथा विपक्ष के नेता एडप्पाडी के पलानीस्वामी तथा अन्य नेताओं ने हत्या की निंदा की है तथा सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^