तीन बार मुख्यमंत्री सहित विभिन्न पद पाकर पूर्णतया हूं संतुष्ट-गहलोत
19-Apr-2023 09:04 PM 5612
जयपुर 19 अप्रैल (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि वह तीन बार प्रदेशाध्यक्ष, तीन बार केन्द्रीय मंत्री तथा तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री बनकर पूर्णतया अतिसंतुष्ट हैं लेकिन पार्टी की मजबूती एवं प्रदेश की सेवा के संकल्प के साथ अपना योगदान प्रदान करते रहना चाहते हैं। श्री गहलोत ने कांग्रेस कार्यशाला में आज यहां यह बात कही। उन्होंने कहा कि पद की बजाए कांग्रेस का झण्डा बुलंद रहे, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि यदि आज केन्द्र में बैठी हुई फासीवादी सरकार का विरोध नहीं किया गया तो आने वाले पीढ़ी हमें कभी माफ नहीं करेगी। मुख्मंत्री ने आने वाले समय को नई पीढ़ी का बताते हुए कहा कि जिसके लिये कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना एवं फासीवादी ताकतों को हराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सम्मेलन बुलाकर जो प्रस्ताव पारित किये गये उन्हें बजट घोषणाओं में सरकार ने शामिल किया। इसी प्रकार मण्डल कमेटियों एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा स्थानीय मांग को लेकर प्रस्ताव पारित कर सरकार को सौंपने पर सरकार द्वारा मांगों के अनुरूप निर्णय लिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करना आसान है, हिटलर ने भी लोकप्रियता पाई थी लेकिन हिटलर के देश का हश्र सबने देखा है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता अनुशासन के साथ पार्टी के कार्यों को करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर कांग्रेस के प्रति किये जा रहे दुष्प्रचार का जवाब दें। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गॉंधी देश को 21वीं सदी में ले जाने के सपने के साथ कम्प्यूटर लेकर आये थे, किन्तु आज इसी तकनीक का दुरूपयोग भाजपा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को श्री राजीव गॉंधी द्वारा देश को दी गई तकनीक का इस्तेमाल कर भाजपा के झूठ को जनता के सामने उजागर करने का कार्य करना होगा। श्री गहलोत ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश में जनता के द्वारा चुनी हुई सरकार को गिराने का षडय़ंत्र किया उन भाजपा नेताओं को प्रदेश में किसी भी प्रकार की पंचायती नहीं करने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के केन्द्रीय मंत्री सरकार चलाने एवं जनता के काम करने की बजाए केवल चुनाव जीतने पर ध्यान केन्द्रित रखते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने होर्स ट्रेडिंग को भारतीय राजनीति का मॉडल बना दिया है, ऐसी ताकतों से लड़ते हुये नौजवान नेताओं को अपनी नेतृत्व क्षमता की पहचान बनाने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में ओल्ड पेंशन स्कीम, मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना जैसे बड़े काम हुये हैं तथा आगामी समय में आयोजित होने वाले मंहगाई राहत कैम्पों में अपना योगदान प्रदान कर जनता का दिल जीतने एवं नेता बनने का मौका कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पास है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने श्री राहुल गॉंधी के खिलाफ जमकर दुष्प्रचार किया एवं उनकी छवि बिगाडऩे का षडय़ंत्र किया, किन्तु श्री राहुल गॉंधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकालकर भाजपा के असली चेहरे को जनता के सामने उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गॉंधी के विरूद्ध भाजपा के नेता झूठे तथ्यों के आधार पर हमलावर रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गॉंधी जिनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गॉंधी तथा पिता श्री राजीव गॉंधी ने देश के लिये जान दे दी। उन्हें संसद में बोलने से रोकने के लिये भाजपा की केन्द्र सरकार ने लोकतंत्र विरोधी कदम उठाते हुये उनकी संसद की सदस्यता समाप्त कर दी। श्री गहलोत ने कहा कि देश में राजस्थान सर्वप्रथम नम्बर पर आये इसके लिये कांग्रेस सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता अनुशासन एवं एकजुटता के साथ कार्य करते हुये जनता के बीच जायें तथा प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बने इसके लिये कोई कसर ना छोड़े।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^