10-Sep-2021 11:37 AM
6863
बिहार में मौसम विभाग ने गर्मी का अलर्ट जारी किया है। आने वाले 48 घंटों में तापमान बढ़ने की संभावना है। बारिश का कोई सिस्टम एक्टिव नहीं होने के कारण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस रहा, इसमें एक से 2 डिग्री सेल्सियश की बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है।
गर्मी से नहीं मिल रही है राहत
मौसम विभाग के मुताबिक पूरे राज्य में बारिश का आंकड़ा काफी कम रहा है। इस कारण से बिहार में दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। बारिश नहीं होने के कारण इसमें गिरावट की संभावना नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने तो आने वाले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान बताया है। पूर्वी चंपारण में और बक्सर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। शुक्रवार को इसमें बढ़ोत्तरी की संभावना है।
ऐसे निष्क्रिय हो रहा है बिहार में मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की ट्रफ रेखा जैसलमेर, गुणा, सतना, अंबिकापुर, पारादीप एवं दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी से पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। राज्य में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवाओं का प्रवाह जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में आने वाले दो दिनों तक पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवाओं का प्रवाह जारी रहेगा। इस कारण से दो दिनों तक बिहार में मौसम भी शुष्क रहेगा। मौसम के इस सिस्टम में बिहार में एक दो स्थानों पर हलकी से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान है जबकि अन्य क्षेत्रों में गर्मी बढ़ेगी।
रेड और येलो जोन में 9 जिले
बिहार में 9 जिलों को 24 घंटे में रेड और येलो जोन में रखा गया है। इन जिलों में औसत से काफी कम बारिश हुई है। किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, मधेपुरा, नवादा, गया, जहानाबाद और कैमूर को येलो जोन में रखा गया है। यहां 24 घंटे में औसत से 60 से 95 प्रतिशत तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसी तरह से रोहतास में भी औसत से काफी कम बारिश हुई है। इसके अलावा शेष बिहार के 29 जिलों में एक बूंद भी बारिश नहीं हुई है।
घट गया औसत से अधिक बारिश का ग्राफ
मानसून के समय से पहले आने के कारण औसत से काफी अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान था, लेकिन जून और जुलाई के बाद मानसून का रुख ठंडा पड़ गया। अगस्त के अंत और सितंबर तक यह पूरी तरह से निष्क्रिय हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक औसत से अधिक बारिश का ग्राफ एक सप्ताह पूर्व 19 प्रतिशत अधिक हो गया था, लेकिन अब यह घटकर 10 पर पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सीजन में 9 सितंबर तक पूरे बिहार में 871.5 एमएम बारिश औसत है, इतनी बारिश होनी चाहिए थी लेकिन 960.5 एमएम बारिश हुई है जो औसत बारिश से 10 प्रतिशत अधिक है। एक सप्ताह पूर्व तक औसत से 19 प्रतिशत अधिक बारिश का ग्राफ चल रहा था।
Temperature..///..temperature-likely-to-rise-in-next-48-hours-in-29-districts-of-bihar-316373