उज्जवल भुइयां और एस वेंकटनारायणन भट्टी शुक्रवार को लेंगे सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश पद की शपथ
13-Jul-2023 09:43 PM 3500
नई दिल्ली, 13 जुलाई (संवाददाता) न्यायमूर्ति उज्जवल भुइयां और न्यायमूर्ति एस वेंकटनारायणन भट्टी शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे। इस संबंध में जारी एक अधिसूचना के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ 14 जुलाई को सुबह 10 बजे उच्चतम न्यायालय सभागार में दोनों न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाएंगे। शीर्ष अदालत के न्यायाधीश पद पर नियुक्त होने से पहले न्यायमूर्ति भुइयां तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति भट्टी केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिश पर न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को पदोन्नत कर उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बुधवार को नियुक्त किया था। शीर्ष अदालत की कॉलेजियम ने 5 जुलाई को न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को पदोन्नत कर उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की थी। उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश बनाने के लिए सिफारिश करने संबंधी फैसला मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति सूर्य कांत की कॉलेजियम की 5 जुलाई 2023 को हुई बैठक में लिया गया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^