वन्य जीवों के प्रति जागरूकता के लिए अभियान चलाना आवश्यक - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12-Mar-2024 12:00 AM 692

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जनसामान्य को वन्य जीवों के आचार-व्यवहार से परिचित कराने तथा वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रावधानों के बारे में जागरूकता पर केन्द्रित अभियान चलाना आवश्यक है। घड़ियाल अभयारण्य के संबंध में जनसामान्य में रूचि उत्पन्न करने के लिए भी गतिविधियां संचालित की जाएं। निजी इकाइयों तथा व्यक्तिगत स्तर पर जनसामान्य द्वारा वन्य जीवों के संरक्षण के संबंध में व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार-विमर्श होना चाहिए। सर्पदंश से लोगों को बचाने के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर साँप पकड़ने वालों के संबंध में जानकारी हो तथा पकड़े गए साँपों का संरक्षण भी व्यवस्थित तरीके सेकिया जाए। होमगार्ड के जवानों को साँप पकड़ने का प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में चीता पुनर्वास परियोजना के अंतर्गत चीतों की संख्या बढ़ने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश राज्य वन्यप्राणी बोर्ड की 25वीं बैठक को मंत्रालय में संबोधित कर रहे थे। बैठक में वन मंत्री नागर सिंह चौहान, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव वन श्री जे.एन. कंसोटिया सहित वन विभाग के प्रमुख अधिकारी, राज्य वन्यप्राणी बोर्ड के सदस्य उपस्थित थे।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^