वृहद भारत संघ बनाने के लिए मगध फाउंडेशन सरकार को देगा प्रस्ताव
21-Sep-2023 08:55 PM 6439
नयी दिल्ली, 21 सितंबर ( वार्ता) मगध फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने गुरुवार को यहां कहा कि प्राचीन काल से भारत की संस्कृति और राजनीति के साझेदार रहे, पड़ोसी क्षेत्रों के साथ एक वृहद भारत संघ बनाकर सहयोग बढ़ाने के लिए फाउंडेशन सरकार को प्रस्ताव देगा। इसमें एकीकृत सैन्यबल गठित करने का भी विचार है। राजधानी में मगध फ़ाउंडेशन की तीसरी राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के समापन पर श्री त्रिपाठी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “इस लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करने के लिए प्रत्येक देश की स्वतंत्रता को छीने बिना, हमें इन सभी देशों को एक साथ लाकर एक साझा सांस्कृतिक संगठन और एक साझा विदेश नीति बनाने की आवश्यकता है।” उन्होंने कहा की मगध फाउंडेशन 250 ई0 पूर्व मगध साम्राज्य का हिस्सा रहे, पड़ोसी देशों के साथ मिलकर एक ग्रेटर इंडिया फेडरेशन (वृहद् भारत संघ) बनाने का प्रस्ताव भारत सरकार को सौंपेगा। श्री त्रिपाठी ने कहा कि भविष्य में ग्रेटर इंडिया फेडरेशन के लिए एक एकीकृत सैन्य बल बनाने की भी योजना बनाई जाए। ग्रेटर इंडिया फेडरेशन की योजना सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने पर ध्यान देना है ताकि महासंघ के मित्र देशों जैसे कि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, नेपाल, भूटान, बंगलादेश, म्यांमार (बर्मा) और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों की मदद की जा सके। ये देश भारत के साथ सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंध साझा करते हैं। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि सीमा सुरक्षा और कल्याण के महत्व को ध्यान में रखते हुए, भारत सरकार ग्रेटर इंडिया फेडरेशन के निर्माण की तरफ ध्यान दें।” उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की बैठक में ग्रेटर इंडिया फेडरेशन निर्माण के लिए और भारत के प्रजातंत्र को मजबूत करने के लिए संवैधानिक संशोधन करने जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। फाउंडेशन अपने सुझावों को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को एक प्रतिवेदन सौंपेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^