02-Nov-2023 09:51 PM
1434
पटना 02 नवंबर (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी दलों की बैठक होगी।
श्री कुमार ने गुरूवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के यहां मिलर हाई स्कूल में आयोजित ‘भाजपा हटाओ-देश बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से जिनका कोई लेना-देना नहीं है, वे बापू के कार्यों को भुलाना चाह रहे हैं। हमने सभी विपक्षी दलों से बात कर एकजुट होने का आह्वान किया। सभी विपक्षी दलों की देश के विभिन्न जगहों पर बैठक हुई और ‘आईएनडीआईए’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव एलाएंस) का गठन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, कांग्रेस पार्टी उसमें व्यस्त है। विधानसभा चुनाव के बाद हमलोगों की बैठक होगी। देश में अभी जो शासन में हैं उनके खिलाफ सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हिंदू-मुस्लिम में झंझट कराना चाहते हैं। हिंदू-मुस्लिम में कोई झंझट नहीं है। वर्ष 2007 से बिहार में कोई ऐसी परिस्थिति नहीं आई है और सभी चीजों को नियंत्रित किया गया है। बिहार में सभी लोगों को हमने एकजुट किया है। देश में किसी धर्म को माननेवाले लोग हों, सभी एकजुट हैं। कुछ गड़बड़ करनेवाले लोग हैं उनसे सचेत रहना है।
श्री कुमार ने कहा कि वह मीडिया के लोगों के पक्ष में रहते हैं। आप पर केंद्र सरकार का नियंत्रण है, इनसे जब आपलोगों को भी मुक्ति मिलेगी तो आप अपना पक्ष अच्छे तरीके से रख पाएंगे। जब वह सांसद थे तो उस समय संसद में कही गई हमारी बातों को भी मीडिया के लोग अच्छे ढंग से रखते थे। बिहार में कई बेहतर कार्य किए गए हैं। हर घर तक बिजली पहुंचा दी गई। आवागमन की बेहतर व्यवस्था की गई। हर घर तक नल का जल पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के हित के लिए कार्य किए गए। लड़कियों के पढ़ने का इंतजाम किया गया। लड़कियों के स्कूल जाने के लिए साइकिल योजना चलाई गई। इस योजना को जानने-समझने के लिए देश और देश के बाहर से लोग बिहार आए और इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जो काम नहीं करते हैं सिर्फ बयान देते हैं उनकी बातों को प्रमुखता दी जाती है। बिहार के किसी काम की चर्चा नहीं होती है। हमलोग बड़ी संख्या में बहाली करवा रहे हैं जिसकी चर्चा नहीं होती है लेकिन कम संख्या में जहां बहाली होती है, मीडिया में उसको प्रमुखता से जगह दी जाती है।
श्री कुमार ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी से उनका पुराना संबंध है। जब वर्ष 1987 में वह विधानसभा का चुनाव लड़ रहे थे तो भाकपा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के लोगों ने उनका सहयोग किया था। हम आपसबों की इज्जत करते हैं। हमलोग समाजवादी हैं आपलोग कम्युनिस्ट हैं। देश की तरक्की के लिए हमलोगों को एक साथ मिलकर चलना जरूरी है। आपकी पार्टी में पुरुष के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी हैं। हमलोग एक साथ मिलकर देश हित में काम करेंगे।
इस अवसर पर भाकपा के महासचिव डी. राजा, भाकपा ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अमरजीत कौर, राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण पंडा, वित्त, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाकपा विधायक रामरतन सिंह एवं सूर्यकांत पासवान, भाकपा के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, जदयू के विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय, जब्बार आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।...////...