‘विष्णु भैया संग तीजा-पोरा, महतारी वंदन तिहार’ का भव्य आयोजन
03-Sep-2024 12:00 AM 1055

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के राजधानी रायपुर स्थित निवास में आज छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्योहार तीजा, पोरा धूमधाम से मनाया गया। ‘विष्णु भैया संग तीजा-पोरा महतारी वंदन तिहार’ के भव्य आयोजन में शामिल होने मुख्यमंत्री निवास में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची। तीजा-पोरा, महतारी वंदन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की 70 लाख माता-बहनों के खाते में महतारी वंदन योजना की सातवीं किश्त के रूप में एक-एक हजार रूपए की राशि का भुगतान ऑनलाईन डीबीटी मोड के जरिए किया। महतारी वंदन योजना के तहत आज सातवीं किश्त में 70 लाख महिलाओं को 653 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया। इसे मिलाकर अब तक 4578 करोड़ रूपए की राशि का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ कर महिलाओं को पोषण माह की शपथ भी दिलाई। श्री साय ने मुख्यमंत्री निवास से सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया एवं राष्ट्रीय पोषण माह के पोस्टर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री श्री साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ भगवान शिव की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^