मुख्य पुजारी को गेट पर रोका तो हुआ हंगामा विजयवर्गीय और भाजपा विधायकों के कारण आधा घंटे लेट कराई गई भस्म आरती
13-Aug-2021 12:15 PM 4900
भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय, उनके बेटे विधायक आकाश और रमेश मेंदोला के कारण मंदिर प्रशासन ने शुक्रवार को भगवान महाकाल की भस्म आरती आधा घंटे लेट करा दी। नागपंचमी के दिन तीनों नेता भगवान महाकाल के दर्शन करने सुबह पहुंचे थे। उनके आते ही प्रशासन ने सभी गेट बंद कर दिए। सुबह 4 बजे भस्म आरती करने जब मुख्य पुजारी अजय और अन्य पुजारी गेट नंबर चार पर पहुंचे तो उन्हें वहीं रोक दिया गया। इस पर उन्होंने हंगामा कर नाराजगी जाहिर की। बताया गया है कि इस दौरान मंदिर के CCTV कैमरे भी फ्रीज कर दिए गए थे। अब प्रशासन और मंदिर से जुड़े अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पुजारियों का कहना है कि प्रशासन ने पंडे-पुजारी के अलावा किसी और को गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में नेताओं को किसके आदेश से गर्भगृह तक जाने दिया गया, इसकी जांच कराई जाए। पहले पुजारियों को 4 नंबर गेट पर रोका गया। कुछ देर बाद आगे जाने दिया गया तो सूर्यमुखी द्वार पर रोक दिया गया। यहां पर तैनात वाणिज्यिक कर अधिकारी दिनेश जायसवाल से अजय पुजारी ने रोकने का कारण पूछा तो वह बहस करने लगे। इसी बीच पुजारियों ने सभा मंडप में कैलाश विजयवर्गीय के साथ आकाश और रमेश मेंदोला को देखा तो वे भड़क गए और हंगामा किया। उन्होंने कहा- इसकी मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। भस्म आरती में एक साल से श्रद्धालुओं को एंट्री नहीं कोरोना प्रोटोकॉल के कारण महाकाल मंदिर में पिछले एक साल से भस्म आरती में किसी भी श्रद्धालु का प्रवेश प्रतिबंधित है। शुक्रवार सुबह भी 3 बजे मंदिर के पट संजय पुजारी ने खोले और बाद में मंदिर के सभी द्वारों पर ताले लगा दिए गए। CCTV और अन्य कैमरे का लाइव भी फ्रीज कर दिया गया था। कुछ देर बाद मंदिर के मुख्य पुजारी अजय पुजारी भस्मारती के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्हें सबसे पहले गेट नंबर 4 पर रोका गया। जैसे-तैसे वहां से निकले तो उन्हें दोबारा सूर्यमुखी द्वार पर रोक दिया गया। नेताओं ने जवाब नहीं दिया महाकाल दर्शन कर धर्मशाला गेट की तरफ जा रहे कैलाश विजयवर्गीय और अन्य नेताओं से पत्रकारों ने भस्म आरती की देरी के बारे में सवाल किया तो कोई जवाब नहीं मिला। अजय पुजारी ने कहा की सब व्यवस्था बिगड़ गई है। जब कार्ड दिया है तो अलग-अलग गेट पर क्यों रोका जा रहा है। mahakaal..///..when-the-chief-priest-was-stopped-at-the-gate-there-was-a-ruckus-due-to-vijayvargiya-and-bjp-mlas-half-an-hour-late-bhasma-aarti-311268
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^