यूके और जर्मनी की छह दिवसीय यात्रा आशा से कहीं अधिक सार्थक रही : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
01-Dec-2024 12:00 AM 681

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यूके और जर्मनी की औद्योगिक निवेश संबंधी यात्रा आशा से कहीं अधिक सार्थक रही। उन्होंने कहा कि यूके और जर्मनी दौरे में लगभग 78 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए। यात्रा का सबसे सुखद परिणाम यह रहा कि जर्मनी के मात्र डेढ़ दिन के प्रवास में 18 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगामी फरवरी में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में विदेशी निवेश को आमंत्रित करने के उद्देश्य से अपनी छह दिवसीय यूके और जर्मनी यात्रा से वापसी के उपरांत स्टेट हैंगर पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का गजहार पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. जगदीश देवड़ा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, विधायक श्री विष्णु खत्री, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^