मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि यह बदलते दौर का भारत है। देश विकास की नई परिभाषा लिख रहा है। देश के विकास में महिलाओं की भी पूरी भागीदारी है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिला ही विकसित समाज की धुरी होती है। शनिवार 31 मई को होने वाला विशाल महासम्मेलन नारी शक्ति को समर्पित है और इसके माध्यम से प्रदेश में महिलाओं के कौशल और उनके योगदान को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के रूप में इस दिन एक अद्वितीय इतिहास रचा जाएगा, जब इस पूरे महासम्मेलन की सभी व्यवस्थाओं का संचालन महिलाएं ही करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार की शाम जंबूरी मैदान में महासम्मेलन के प्रबंधन में संलग्न महिला शक्ति को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन की सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी की रूपरेखा और व्यवस्थाओं का भी मुआयना किया।