27-Jun-2024 11:15 PM
2676
झुंझुनूं, 27 जून (वार्ता ) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गुरुवार को यहां प्रदेश के 88 लाख से अधिक पेंशनरों के बैंक खातों में एक हजार 37 करोड़ रुपए से अधिक की सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धि की राशि हस्तांतरित की।
श्री शर्मा ने राज्यस्तरीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धि की राशि हस्तांतरण कार्यक्रम में बटन दबाकर यह राशि हस्तांतरित की । कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभ्य एवं विकसित समाज सभी वर्गां के विकास के लिए संवेदनशील रहता है। सामाजिक सुरक्षा के रूप में पेंशन जरूरतमंद को आर्थिक संबल देता है साथ ही उन्हें मुख्यधारा से जोड़े रखता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का दायरा बढ़ाने के साथ ही पेंशन राशि में भी बढ़ोतरी की है।
उन्होंने कहा कि वृद्धजन, एकल नारी, दिव्यांगजनों सहित सभी वर्गां के उत्थान के लिए हमारी सरकार कतृसंकल्पित है तथा इनके सामाजिक सुरक्षा के आवरण को कमजोर नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय की संकल्पना को आगे बढ़ाते हुए अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए संकल्पित है। हमारी सरकार मुख्यमंत्री वृद्धजन सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना, लघु एवं सीमांत वृद्धजन कृषक सम्मान पेंशन योजना के जरिये जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में राशि को एक हजार रूपए से बढ़ाकर 1150 रूपए की है और इसमें चरणबद्ध रूप से वृद्धि की जाएगी। संकल्प पत्र के हर एक वादे को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्तमान में लगभग 88 लाख से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। हमारी सरकार ने गठन के छह माह के अल्प समय में 2 लाख 41 हजार से अधिक नए लाभार्थियों को इन पेंशन योजनाओं से जोड़ा है। झुंझुनूं जिले में 2 लाख 74 हजार से अधिक लोगों को पेंशन का लाभ मिल रहा है, जिन्हें पेंशन के रूप में हर महीने 32 करोड़ 27 लाख रुपये हस्तांतरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पेंशन योजनाओं में डिजीटलकृत प्रक्रिया अपनायी जा रही है, जिससे आज पेंशनर्स को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद कुछ राजनीतिक दलों द्वारा झूठे वादे किए गए तथा तुष्टिकरण की राजनीति एवं भ्रष्टाचार कर आमजन को गुमराह किया गया लेकिन पिछले 10 वर्षों से यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश में गरीब कल्याण, सीमा सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तीकरण के विभिन्न निर्णय लिए गए हैं, जिससे विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ा है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार बाबा साहब के समता मूलक समाज की स्थापना के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लाभार्थियों से संवाद भी किया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को योजना के तहत राशि बढ़ाए जाने पर मुख्यमंत्री का जताया।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि श्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनाथ व असहाय बच्चों के लालन-पालन से लेकर बुजुर्गों के आर्थिक संरक्षण तक तथा बच्चों की पढ़ाई से लेकर युवाओं की नौकरी तक उन्हें आर्थिक सम्बल प्रदान कर सशक्त बना रही है।...////...