20-Sep-2023 05:04 PM
5912
रांची, 20 सितंबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपने संकल्प यात्रा के पांचवे चरण की शुरुआत सिसई विधानसभा क्षेत्र की जनसभा से की।
श्री मरांडी ने आज जनसभा को संबोधित करते हुए अपने पुराने तेवर में राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने हेमंत सरकार को अपराध,लूट,भ्रष्टाचार का संरक्षक बताया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार से विकास की उम्मीद बेमानी है। इसे उखाड़ कर फेंके बिना राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त और विकास युक्त नही बनाया जा सकता।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर ,महिला ,युवा के विकास केलिए संकल्पित है।
कहा कि नए संसद भवन को भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति के वंदन एवम उनके सशक्तिकरण को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन बिल के माध्यम से लोकसभा एवम विधानसभाओं में महिलाओं के 33% सीट आरक्षित होने से नारी शक्ति की अपार ऊर्जा संसदीय प्रणाली से जुड़कर देश की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभायेगी। उन्होंने कहा इसके पूर्व भी शौचालय निर्माण,स्वच्छता अभियान,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान , तीन तलाक की समाप्ति जैसे अनेक महत्वपूर्ण कदमों से मोदी सरकार ने नारी सशक्तिकरण की दिशा में कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
श्री मरांडी ने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार गांव ,गरीब,किसान , मजदूर ,महिला,युवा सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही वहीं राज्य की हेमंत सरकार ने राज्य को लूट ,अपराध और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है।उन्होंने कहा कि आज अपराधी बेलगाम हैं।राज्य में रोज हत्या,अपहरण,डकैती की घटनाएं हो रही। व्यवसाई वर्ग दहशत में हैं।बहन बेटियों की इज्जत घरों में भी सुरक्षित नहीं। ऐसे में पुलिस अपराधियों को दंडित करने में नही बल्कि अपराधियों को बचाने में लगी है। पुलिस का काम अब केवल वसूली करना रह गया है।...////...