आकाशवाणी पर होगा 'नयी सोच नयी कहानी - ए रेडियो जर्नी विद स्मृति ईरानी'
14-Nov-2023 09:13 PM 4587
नयी दिल्ली 14 नवंबर (संवाददाता) केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी बुधवार से आकाशवाणी पर विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की सफलता पर आधारित कार्यक्रम 'नयी सोच नई कहानी - ए रेडियो जर्नी विद स्मृति ईरानी' प्रस्तुत करेंगी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने मंगलवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि उद्यमिता, कौशल विकास, खेल, स्वास्थ्य और वित्त सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की सफलता का उत्सव मनाने के लिए आकाशवाणी पर एक कार्यक्रम होगा। एक घंटे का साप्ताहिक कार्यक्रम 'नयी सोच नयी कहानी - ए रेडियो जर्नी विद स्मृति ईरानी' आकाशवाणी पर प्रत्येक बुधवार को सुबह नौ बजे से 10 बजे तक प्रसारित किया जाएगा। पहला कार्यक्रम 15 नवंबर को आकाशवाणी गोल्ड 100.1 मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित किया जाएगा। इसे देशभर के आकाशवाणी केंद्रों से भी प्रसारित किया जाएगा। यह कार्यक्रम न्यूज ऑन एआईआर ऐप, आकाशवाणी वेबसाइट और आकाशवाणी यूट्यूब चैनल तथा इसके विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगा। पहले कार्यक्रम में स्टार्ट-अप से जुड़ी महिलाएं और स्व-निर्मित व्यवसायी महिलाएं शामिल होंगी जो अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगी। इसमें केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे जो विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ उठाने के तरीकों के बारे में बताएंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^