12-Apr-2023 10:17 PM
8910
विदिशा, 12 अप्रैल (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि आत्मा के मोक्ष और जगत हित के लिए जो कार्य करे वही सत्य है। विदिशा मेरी कर्म भूमि रही है और आज भी है। यहां भक्ति रस की गंगा बह रही है और चारों तरफ आनंद बरस रहा है।
श्री चौहान विदिशा जिले में भोपाल-सागर हाई-वे बायपास के समीप श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, श्रीमद भागवत कथा एवं संत समागम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने परमात्मा की प्राप्ति के लिए तीन मार्गी सिद्धांतों ज्ञान, भक्ति और कर्म मार्ग पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश के अधिकारी, कर्मचारियों को निःस्वार्थ भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जनता को ठीक दिशा दिखाना और सुखी बनाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने उपस्थितों से कहा कि कोई मास्टर है तो बच्चों को ठीक से शिक्षा प्रदान करे, डॉक्टर है तो अच्छे से इलाज करे गरीबों से पैसा न मांगे। कर्मचारी है तो वह रिश्वत न ले। उन्होंने बेटियों और महिलाओं के उत्थान के लिए संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्या विवाह तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के उद्देश्यों पर गहन प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर होने वाले अपराधों के नियंत्रण और दुराचारियों को दंडित करने के लिए प्रदेश में नये कानून बनाए गए हैं।
श्री चौहान ने कथा स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले कथावाचक पंडित धीरेन्द्र शास्त्री का शाल-श्रीफल से सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने भजनों का गायन भी किया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भी साथ दिया। विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, विधायक हरि सिंह सप्रे, लीना जैन, राजश्री सिंह और रामपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।...////...