अमरनाथ मार्ग पर पत्थर गिरने से महिला तीर्थयात्री की मौत
16-Jul-2023 02:53 PM 5226
श्रीनगर,16 जुलाई (संवाददाता) जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग के संगम शीर्ष पर शनिवार को पत्थरों के गिरने की घटना में एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई और जम्मू-कश्मीर पुलिस की माउंटेन रेस्क्यू टीम (एमआरटी) के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतक तीर्थयात्री की पहचान लक्ष्मी नारायण की बेटी उर्मिलाबेन (53) के रूप में हुई है जो अमरनाथ मार्ग पर संगम टॉप और निचली गुफा के बीच पत्थर गिरने गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घायल महिला का बचाने की कोशिश कर रहे जम्मू-कश्मीर पुलिस की दो सदस्यीय माउंटेन रेस्क्यू टीम, (एमआरटी) जिसमें वरिष्ठ ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद सलेम और मोहम्मद यासीन शामिल थे, के दोनों सदस्य भी ऑपरेशन के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायल महिला तीर्थयात्री ने बाद में दम तोड़ दिया। यात्रा ड्यूटी पर तैनात घायल पुलिस कर्मियों को सेना की ओर से एक निजी हेलीकॉप्टर से निकाला गया। खराब मौसम के कारण रविवार को अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई। मार्ग में कई स्थानों पर बारिश के बीच फिसलन भरी स्थिति के कारण किसी भी तीर्थयात्री को नुनवान और बालटाल आधार शिविरों से गुफा मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने तीर्थयात्री की मौत पर शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है। डीजीपी ने दोनों पुलिसकर्मियों की प्रतिबद्धता की सराहना की और त्वरित निकासी में शामिल सभी लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^