बीएसएफ जवानों की चौकस निग़ाहों से देश की सीमाएं महफ़ूज-मोहम्मद
30-Jan-2022 10:37 PM 7684
जयपुर, 30 जनवरी (AGENCY) राजस्थान के अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़, उपनिवेशन, कृषि संचित क्षेत्र एवं जल उपयोगिता विभाग मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा है कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों की चौकस निग़ाहों से देश की सीमाएं महफ़ूज हैं और देश की आबादी चैन की नींद सो पा रही हैं। श्री मोहम्मद आज जैसलमेर जिले में सीमा चौकी मुरार पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीएसएफ जवानों से मुलाकात कर उनकी हौंसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि माईनस डिग्री सेल्सियस से लेकर प्रचंड गर्मी के साथ लू के थपेड़ों एवं बारिश जैसी हर परिस्थिति में फौलादी जज्बे के साथ राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात जवानों पर हमें फख्र है। इन बीएसएफ के जवानों की चौकस निगाहों की बदौलत ही देश की आबादी चैन की नींद सो पा रही है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवानों का अदब के साथ सम्मान करना चाहिए, जहां बीएसएफ के जवान मिलें उन्हें सलाम करें। उन्होंने कहा कि बीएसएफ न केवल देश की बाहरी चुनौतियों का सामना कर रही है बल्कि देश के अंदर बड़ी चुनौतियों से भी बखूबी निपट रही है। चाहे आतंकवाद हो या नक्सलवाद। इतना ही नहीं बीएसएफ देश में कानून व्यवस्था के लिए भी चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में भी अपने फ़र्ज़ को अंजाम दे रही है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ की ओर से सीमांत क्षेत्र के स्कूलों में खेलकूद सहित अन्य सामग्री देकर सामाजिक सरोकार का अहम कार्य किया जा रहा है यह काबिले तारीफ है। ग्रामीणों का फर्ज बनता है कि बीएसएफ के लिए भी आवश्यकता होने पर कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^