भाजपा के शासन में ग्रामीण अर्थव्यवस्था में हुआ सुधार: तोमर
29-Oct-2023 07:13 PM 4266
मुरैना, 29 अक्टूबर (संवाददाता) केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन काल में गरीब, किसानों का विकास हुआ है जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है क्योकिं भाजपा के कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के साथ सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं। श्री तोमर यह बात आज अपने जनसम्पर्क अभियान के दौरान ग्राम जिंगनी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही दिमनी सहित पूरे मुरैना जिले में गांव-गांव सडक़ों का निर्माण हुआ है। घर-घर बिजली और पेयजल पहुंचा है। किसानों को सम्मान निधि के रूप में 6 हजार और लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1250 रूपये दिए जा रहे है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा की मप्र एवं केन्द्र सरकार गांव, गरीब और किसानों का जीवन स्तर सुधारने के लिए काम कर रही है। फसलों का उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की है। गांव और किसान की ताकत बढ़ेगी तो देश की ताकत बढ़़ेगी। श्री तोमर ने कहा कि श्री मोदी देश की ताकत बढ़ाने का काम कर रहे है। श्री मोदी के नेतृत्व में देश में भ्रष्टाचार भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि चंबल नदी के उसैद घाट पर पक्के पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने किया था। लेकिन पुल का निर्माण अब श्री चौहान और भाजपा सरकार के शासन में शुरू हो पाया है। जनसंपर्क के दौरान ऊर्जा निगम अध्यक्ष गिर्राज डंडौतिया, पूर्व विधायक शिवमंगल सिंह तोमर, जिला प्रभारी जयसिंह कुशवाह, इफको के डायरेक्टर अरुण सिंह तोमर, विस प्रभारी वीरेन्द्र हर्षाना, विस संयोजक रामभरोषी राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष केदार सिंह यादव, हमीर सिंह पटेल, जिपं उपाध्यक्ष बनवारीलाल धाकड़, मंडल अध्यक्ष रिंकू यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेन्द्र यादव, जिला उपाध्यक्ष उदयवीर सिकरवार, जिला मीडिया प्रभारी नीरज सिंह भदौरिया आदि मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^