03-Aug-2023 09:34 PM
3592
कोलकाता, 03 अगस्त (संवाददाता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि हिंसा हमेशा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शब्दकोष का हिस्सा रही है। उनके शब्दकोष में संविधान नहीं बल्कि केवल हिंसा है।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख सुश्री बनर्जी ने कहा कि उन्हें लगता है कि हिंसा के बिना कोई प्रगति नहीं है। उन्होंने कहा,“हिंसा का उपयोग करके, वे हर चीज का भगवाकरण करना चाहते हैं। यहां तक कि पेट्रोल पंप परिचारकों को भी भगवा वर्दी पहनने के लिए मजबूर किया जाता है।”
मुख्यमंत्री ने सवाल किया,“भाजपा के पास देने के लिए और कुछ नहीं है। अगर पूरे देश का भगवाकरण हो जाएगा तो बाकी रंग कहां जाएंगे।”
सुश्री बनर्जी ने दोहराया,“वे दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर हमला करते हैं। अब, वे पत्रकारों को परेशान करने से पहले उनका धर्म पूछ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि भगवा भक्ति, त्याग और पवित्रता का प्रतीक है, लेकिन अगर इसका इस्तेमाल उत्पीड़न के प्रतीक के रूप में किया जाएगा तो लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
सुश्री बनर्जी ने कहा,“दिल्ली भारत की राजधानी है। हम दिल्ली जीतने जा रहे हैं। इसका मतलब यह भी है कि ‘इंडिया’ ही जीतेगा। ‘इंडिया’ गठबंधन का गठन देश को आपदा, सांप्रदायिक तनाव और बेरोजगारी से बचाने के लिए किया गया था।”
उन्होंने टिप्पणी की,“हमारा ‘इंडिया’ गठबंधन नया है और हमारा अस्तित्व पूरे देश में है। निश्चित रूप से, हम सरकार बनाएंगे और दिल्ली राजधानी है, जिसमें संसद भी है। मुझे नहीं पता कि जानबूझकर या अनजाने में उन्होंने (गृह मंत्री) ऐसी सही बात कही।...////...