28-Mar-2022 09:26 PM
3908
भुवनेश्वर 28 मार्च (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने ओडिशा के शीर्ष नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों की बीजू जनता दल के सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात करने तथा हाल ही में संपन्न पंचायत और निकाय चुनावों में उनकी पार्टी की जीत पर बधाई देने की सोमवार को कड़ी निंदा की।
भाजपा महासचिव पी हरिचंदन ने इसे लोकतंत्र का मजाक और ओडिशा के प्रशासनिक इतिहास में एक धब्बा बताया। उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नौकरशाही लोकतंत्र के स्तंभों में से एक है। प्रशासनिक व्यवस्था में उन्हें लोगों की सेवा करने का विशेष अधिकार दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि लोग उनसे निष्पक्ष अपेक्षा रखते हैं और उनकी निष्पक्षता लोकतंत्र को मजबूत करती है। लेकिन जिस तरह से मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), कई संघों के सदस्यों सहित वरिष्ठ आईएएस व आईपीएस अधिकारियों ने एक समूह में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें हाल ही में संपन्न पंचायत और शहरी निकाय चुनाव में शानदार सफलता के लिए बधाई दी, वह अभूतपूर्व है।
भाजपा नेता ने कहा कि नौकरशाहों ने राज्य के लोगों के विश्वास के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंंने मांग की कि अधिकारी संघों को लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा बनाई गई ऐसी खराब मिसाल ओडिशा के लिए अच्छी नहीं है।
श्री हरिचंदन ने कहा कि जिन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी, उन्होंने सभी सीमाओं को पार कर सत्ता पक्ष और नौकरशाही के बीच गठजोड़ का पर्दाफाश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ बीजद ने प्रशासनिक मशीनरी का उपयोग करके चुनाव जीता है और सवाल किया है कि अगर नौकरशाह सत्ताधारी दल के एक उपकरण के रूप में कार्य करते हैं तो क्या होगा।
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव ने पार्टी की जीत के लिए बीजद अध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बुरी मिसाल कायम कर दी है। निष्पक्ष रूप से काम करना और गरीबों को न्याय दिलाना डीजीपी की नैतिक जिम्मेदारी भी है। क्या अपनी जिम्मेदारी को भूल जाना और बीजद अध्यक्ष को खुश करने के लिए बधाई देना सही है?
भाजपा नेता ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसी लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी।...////...