भाजपा ने दूसरी सूची में पश्चिम निमाड़ क्षेत्र से तीन उम्मीदवार किए घोषित
26-Sep-2023 09:02 AM 6271
बड़वानी /खरगोन, 25 सितंबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए आज रात घोषित अपनी 39 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में पश्चिम निमाड़ के बड़वानी जिले से दो और खरगोन जिले से एक उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी ने बड़वानी जिले के राजपुर (अनुसूचित जनजाति) क्षेत्र से फिर से अंतर सिंह पटेल को मैदान में उतारा है। अंतर सिंह पटेल मध्यप्रदेश में मंत्री रहे देवी सिंह पटेल के पुत्र हैं। वे बड़वानी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे हैं। अंतर सिंह पटेल (49) पिछले चुनाव में पूर्व गृह मंत्री तथा वर्तमान कांग्रेस विधायक बाला बच्चन से मामूली अंतर 932 वोट से हार गए थे। मामूली अंतर से हारने और क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने की वजह से ही उन्हें फिर से टिकट देने की वजह माना जा रहा है। इस घोषणा के बाद राजपुर में जश्न का माहौल है। इसी तरह से इस सूची में बड़वानी जिले के पानसेमल (अनुसूचित जनजाति) से श्याम बरडे को उम्मीदवार बनाया गया है। क्षेत्र में 10 वर्षों से लगातार सक्रिय श्याम बरडे की पत्नी जिला पंचायत बड़वानी की सदस्य रही हैं। श्याम बरडे भी भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री हैं। इसी तरह खरगोन जिले से भीकनगांव अनुसूचित जनजाति क्षेत्र से नंदा ब्राह्मणे को टिकट दिया गया है। नंदा ब्राह्मणे 2013 में विधानसभा चुनाव लड़ी थीं, लेकिन बेहद कम अंतर से हार गई थीं। वह भाजपा में जिला महामंत्री के पद पर भी रहीं। भीकनगांव का प्रतिनिधित्व वर्तमान में कांग्रेस की झूमा सोलंकी कर रही हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^