भाजपा शासन में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं: सरबजीत कौर माणुंके
20-Jul-2023 07:15 PM 8740
चंडीगढ़, 20 जुलाई (संवाददाता) आम आदमी पार्टी की विधायक सरबजीत कौर माणुंके ने गुरुवार को मणिपुर घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस घटना के बाद देश भर की महिलाएं डरी और सहमी हुई हैं तथा खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। माणुंके ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा करने के बजाय भारतीय जनता पार्टी ने पिछले नौ सालों में केवल यह बताया है कि महिलाओं को कैसे और किस रंग के कपड़े पहनने चाहिए। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब बृजभूषण जनता पार्टी बन चुकी है। भाजपा सरकार में आज यौन उत्पीड़न के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह जैसे लोग बैठे हैं। इस पार्टी ने बिल्किस बानो के अपराधियों को छुड़ाया, उसने हाथरस में हुए बलात्कार के दोषियों को बचाया। भाजपा के आईटी सेल के लोग सोशल मीडिया पर महिलाओं को भद्दी गालियां देते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि मणिपुर में कानून-व्यवस्था पिछले दो महीने से ध्वस्त है, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री को इतने दिनों से पता नहीं था कि मणिपुर में क्या चल रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^