भारत की संस्कृति और विरासत प्रेरणादायक: ओम बिरला
25-Jun-2025 11:36 PM 2599
मुरादाबाद, 25 जून (संवाददाता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि भारत की संस्कृति, साहित्य और विरासत हम सब को आज भी प्रेरित करती है। मुरादाबाद स्थित 15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित संविधान साहित्य वाटिका के लोकार्पण के अवसर पर उन्होने कहा कि संविधान साहित्य वाटिका से आने वाली पीढ़ी को अपने कर्तव्य और दायित्वों का बोध होगा । उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के कारीगरों ने अपनी शिल्पकला से दुनिया भर में भारत की पहचान बनाई हैं। यहां के साहित्यकार, लेखक और विचारकों ने अपनी लेखनी, विचार और गीतों से देश और दुनिया को नया विचार देने का काम किया है। उन्होंने कहा “ विविधता में एकता हमारी ताकत है। दुनिया में यही विविधता हमारी सामर्थ्य बनी है। स्वतंत्रता के बाद हमने लोकतंत्र के विचारों को आत्मसात करके प्रगति की है। मुरादाबाद स्थित यह वाटिका लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संविधान के मूल सिद्धांतों को दर्शाता है। यह एक ऐसा स्थान है जो कला, इतिहास और नागरिक शिक्षा को एक साथ जोड़ता है। वाटिका के केंद्र में विशेष कलात्मक इंस्टॉलेशन (स्थापना) बनाए गए हैं जो संविधान के विकास की कहानी बताते हैं। भारत की प्राचीन दार्शनिक परंपराओं से लेकर आजादी के बाद संविधान के निर्माण तक इन कहानियों को पत्थरों पर उकेरे गए चित्रों और धातु की नक्काशी के माध्यम से दिखाया गया है, जिनमें स्थानीय शिल्पकला का उपयोग किया गया है। वाटिका के अलग-अलग हिस्सों में संविधान के चार स्तंभ, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को दर्शाने वाली मूर्तियां, भित्ति चित्र और उकेरे गए लेख लगाए गए हैं। यह वाटिका हर नागरिक को इन मूल्यों के गहरे अर्थों को समझने और आत्मसात करने के लिए प्रेरित करता है। वाटिका में डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा स्थापित हैं। इनके जीवन और योगदान को दर्शाने के लिए प्रतिमाएं, पट्टिकाएं और क्यूआर कोड के माध्यम से इंटरएक्टिव जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इस वाटिका की खास बात यह है कि इसमें पारंपरिक भारतीय डिजाइन जैसे- जाली कार्य, तोरण, और वटवृक्ष (बरगद का पेड़) जैसे प्रतीकों का आधुनिक स्थापत्य के साथ सुंदर मेल किया गया है। यह एक जीवित संग्रहालय की तरह है, जहाँ हर उम्र के लोग आकर संविधान को समझ सकते हैं। यह वाटिका आज की और आने वाली पीढ़ियों को संविधान के मूल्यों से जोड़ने का एक सशक्त प्रयास है। इस अवसर पर महापौर नगर निगम मुरादाबाद विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ, शैफाली सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह, मुरादाबाद शहर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी,मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^