भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता पूरे विश्व में सबसे बड़ी मिसाल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19-Aug-2024 12:00 AM 623

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को महिदपुर तहसील में भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के साक्षी रहे अत्यन्त प्राचीन नारायणाधाम मन्दिर पहुंचकर दर्शन और पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता पूरे विश्व में सबसे बड़ी मिसाल है। नारायणा में स्थित भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के मन्दिर और आसपास के परिसर को इस प्रकार विकसित किया जाये कि पूरे विश्व से लोग यहां दर्शन के लिये आयें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें आज नारायणाधाम पहुंचकर अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी तीज-त्यौहार अत्यन्त धूमधाम से मनाये जायेंगे। हमारे देवस्थान हमारी मूल शक्ति का स्त्रोत रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में आकर विद्या प्राप्त की। प्रदेश में जहां-जहां उनके चरण पड़े, वहां के प्रमुख स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जायेगा।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^