31-Oct-2023 06:59 PM
5248
राजमुंदरी, 31 अक्टूबर (संवाददाता) आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू को उच्च न्यायालय से चिकित्सा के आधार पर चार सप्ताह के लिए अंतरिम जमानत मिलने के बाद मंगलवार शाम केंद्रीय कारागार से रिहा कर दिया गया।
उच्च न्यायालय ने तेदेपा प्रमुख को 28 नवंबर को केंद्रीय कारागार में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के अत्चन्नायडू, विधायक जी बुच्चाई चौधरी, एन बालकृष्ण, पय्यावुला केशव, येलुरी संबाशिवा राव, नायडू के बेटे और तेदेपा के राष्ट्रीय महासचिव एल लोकेश और उनकी पत्नी ब्राह्मणी सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं ने जेल के सामने श्री नायडू का स्वागत किया। श्री नायडू 52 दिनों तक जेल में रहने के बाद रिहा हो गए। पूर्व मुख्यमंत्री को कथित कौशल विकास घोटाला मामले में 10 सितंबर को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दोहराया कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है और उन्होंने दूसरों को भी ऐसा करने की इजाजत नहीं दी। तेदेपा प्रमुख ने कहा कि राजनीतिक नेताओं और राजनीतिक दलों ने उनके प्रति एकजुटता दिखाई और इसके लिए उन्होंने उन्हें धन्यवाद दिया। श्री नायडू ने कहा, “मैं आंध्र प्रदेश और तेलंगाना राज्यों के लोगों द्वारा दिए गए समर्थन को कभी नहीं भूलूंगा।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब किए गए विकास से लाभ पाने वाले आईटी पेशेवरों ने साइबर टावर के निर्माण के 25 साल पूरे होने के अवसर पर हैदराबाद में एक विशाल प्रदर्शन का आयोजन किया और उन्होंने उन्हें धन्यवाद दिया।
श्री नायडू ने धन्यवाद देते हुये कहा, “जब मैं जेल में था, तो मुख्यमंत्री के रूप में मैंने जो विकास हासिल किया था, वह उजागर हो गया। दुनिया भर में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा उनके प्रति एकजुटता दिखाई। ”
तेदेपा के सैकड़ों कार्यकर्ता धारा 144 का उल्लंघन करते हुए श्री चंद्रबाबू नायडू को देखने के लिए सेंट्रल जेल क्षेत्र में जमा हो गए। बाद में तेदेपा प्रमुख विजयवाड़ा के लिए रवाना हो गए।...////...