31-Oct-2023 06:59 PM
1753
मुंबई, 31 अक्टूबर (संवाददाता) मराठा समुदाय के आंदोलन के मद्देनजर महाराष्ट्र इस समय हाई अलर्ट पर है और दूसरी ओर मराठा समुदाय को आरक्षण देने की मांग को लेकर राज्य के कई जिलों में तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी है।
वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बुधवार को मुंबई में इस मुद्दे पर चर्चा और समाधान के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने पर सहमत हुए हैं।
मराठा समुदाय के विधायकों ने आज मुंबई के नरीमन पॉइंट पर स्थित मंत्रालय के बाहर गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। इस में सभी पार्टियों के विधायक शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने मराठा समुदाय को आरक्षण देने के मुद्दे पर फैसला लेने के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।
वहीं, ताजा घटनाक्रम में एक सरकारी कार्यालय में आगजनी का मामला सामने आई है, जहां कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने कोटा समर्थक नारे लगाते हुए एक ग्राम पंचायत कार्यालय में आग लगा दी। वहीं, सोलापुर में बड़ी संख्या में मराठा कार्यकर्ताओं ने रेलवे पटरियों पर लेट कर यातायात को बाधित किया।
प्रदर्शनकारियों ने हिंगोली जिले के नाइकनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय कार्यालय को आग लगा दी गई, जबकि पुणे में बड़ी संख्या में मराठा कार्यकर्ता 'जल-समाधि' विरोध प्रदर्शन करने के लिए नदी में उतर गए। आंदोलन के कारण सार्वजनिक बस सेवाएं दूसरे दिन भी बंद रहीं। इसी तरह से परभणी जिले के कुछ हिस्सों और बुलढाणा जिले के मलकापुर में, प्रदर्शनकारियों ने एक वाहन पर लगे मुख्यमंत्री के पोस्ट पर काला रंग पोत दिया।
मुंबई के चुनाभट्टी तथा नासिक जिले के मुंगसे गांव में तत्काल आरक्षण देने की मांग को लेकर काफी संख्या मेें मराठा समुदाय के लोगों ने भूख हड़ताल किया। शिवगांव और अहमदनगर जिले में आंदोलन के कारण आज स्कूल-कॉलेज बंद रहे तथा छात्रों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।...////...