चंद्रयान-3 के चाँद पर साॅफ्ट लैंडिंग के लिए देश भर में पूजा अर्चना की गयी
23-Aug-2023 04:28 PM 1860
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (संवाददाता) चंद्रयान-3 के चाँद पर सफल अवतरण (सॉफ्ट लैंडिंग) की कामना करते हुए देश भर में विभिन्न स्थानों पर लोगों का हवन, पूजन और यज्ञ आदि अनुष्ठानों का आयोजन जारी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के कार्यक्रम के अनुसार चंद्रयान-3 का लैंडर नियंत्रित गति से बुधवार शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के सतह पर उतरेगा। मिशन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए देश और दुनिया की निगाह चंद्रयान पर टिकी हुई है। इसरो के अनुसार चंद्रयान-3 आज शाम लगभग 6:04 बजे लैंड करने के लिए तैयार है। मिशन चंद्रयान तीन की सफल लैंडिंग के लिए पटना स्थित वेद विद्यालय के छात्रों द्वारा पूजा और यज्ञ किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के संत नगर आर्यसमाज मंदिर में बृहद यज्ञ का आयोजन हुआ। यज्ञोपरांत विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि इस प्रात: कालीन यज्ञ में पवित्र वेद मंत्रों के माध्यम से आहुतियां लगाकर हमने ईश्वर से चंद्रयान की चहुँमुखी सफलता के लिए प्रार्थना की तथा सभी वैज्ञानिकों एवं देशवासियों के साथ भारत सरकार को भी इस हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दीं। ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन से लेकर यूएस तक चंद्रयान 3 की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना और अनुष्ठान आयोजित किया गया है। भारत के विभिन्न हिस्सों में चंद्रयान 3 के लिए धार्मिक समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में खास गंगा आरती भी कराई जा रही है। आरती से पहले हवन पूजा भी की गई। हरिद्वार में चंद्रयान की सफलता की लिए तीर्थ पुरोहितों ने हनुमान चालीसा पाठ का पाठ किया है। जयपुर के भूतेश्वर मंदिर में भी चन्द्रयान-3 के चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव में सफल सॉफ्ट लैंडिंग के लिए पूजा अर्चना की गयी। कोलकाता में हवन पूजन किया गया, लखनऊ के हनुमान मंदिर में हवन पूजन एवं नैनीताल के नैनादेवी मंदिर में भी अनुष्ठान किये गए। सिंगापुर के उच्चायुक्त सिमोन वॉन्ग ने बताया कि वह चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। केवल भारत ही नहीं दुनियाभर से इस ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए पूजा-अर्चना की जा रही है। गौरतलब है कि इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ ने अपनी टीम के साथ 'चंद्रयान-3' मिशन के प्रक्षेपण से पहले तिरुपति के सुल्लुरपेटा स्थित श्री चेंगलम्मा परमेश्वरिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इस मिशन के सफल आयोजन की टीम में महिलाएं भी शामिल हैं। इसरो के बेंगलुरु स्थित टेलीमेट्री एंड कमांड सेंटर (इस्ट्रैक) के मिशन ऑपरेशन कॉम्प्लेक्स (मॉक्स) में 50 से ज्यादा वैज्ञानिक कंप्यूटर पर चंद्रयान-3 से मिल रहे आंकड़ों की रात भर पड़ताल में जुटे रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^