राकांपा ने नये अध्यक्षों को सौंपी बिहार, हरियाणा की जिम्मेदारी
23-Aug-2023 04:51 PM 7633
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (संवाददाता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष अजीत पवार तथा कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने पार्टी को पुनः राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाने का संकल्प दोहराते हुए बुधवार को राहत क़ादरी को बिहार तथा विजय पाल हरियाणा का अध्यक्ष नियुक्त किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता ब्रजमोहन श्रीवास्तव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले महीने बिहार तथा हरियाणा में पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी, लेकिन स्थानीय कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर आम सहमति होने तक इस फैसले को रोका गया था। उन्होंने कहा कि दोनों प्रदेशों के कार्यकर्ताओं की मंशा से पार्टी के स्थाई सचिव एस.आर. कोहली ने पार्टी नेता श्री पटेल को अवगत कराया है और उसके आधार पर इन दोनों राज्यों से सभी लोगों की सहमति मिलने के बाद पूर्व में की गई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का फ़ैसला किया गया है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि इस क्रम में बिहार में राहत क़ादरी तथा हरियाणा में विजय पाल को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनका कहना था कि एक माह पहले भी इन्हीं दोनों नेताओं की नियुक्ति बिहार तथा हरियाणा में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में की गई थी। दोनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से अपना काम शुरू करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने के संकल्प के तहत देश के 28 राज्यों तथा आठ केन्द्र शासित प्रदेशों में पार्टी पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। प्रवक्ता के अनुसार श्री पटेल ने नव नियुक्त अध्यक्षों को पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को एकजुट हो कर पार्टी संगठन से जोड़ने तथा श्री पवार की अध्यक्षता में पार्टी को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने के लिये पूरी शक्ति से काम करने का आग्रह किया है। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी नेतृत्व को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल में शामिल होने के बाद से पूरे देश से लगातार पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का समर्थन मिल रहा है और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह भी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^