देश के पांच राज्यों में भाजपा बनाएगी सरकारः नड्डा
24-Oct-2023 08:38 PM 4495
शिमला, 24 अक्तूबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दावा किया कि जिन पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं वहां उनकी पार्टी सरकार बनाएगी। इससे पहले श्री नड्डा मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में दुर्गा मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुए। धौलरा मंदिर आयोजित कार्यक्रम में नड्डा लोगों से मिले और विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को वह मिजोरम जा रहे हैं। श्री नड्डा ने कहा कि एम्स बिलासपुर में तीमारदारों को रात के समय परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। यहां 39 करोड़ की लागत से 300 बिस्तरों वाला रात्रि आश्रय (नाइट शेल्टर) बनेगा। नड्डा ने कहा कि एम्स बिलासपुर को बहुत कम समय में जनता को समर्पित किया गया है। एम्स में मरीजों के साथ आए तीमारदारों के लिए भी शीघ्र रात्रि आश्रय की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए एम्स प्रबंधन को भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही इसका कार्य शुरू होगा। बताया कि इसमें 300 बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। बता दें कि एम्स में तीमारदारों के लिए अभी तक रात्रि आश्रय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस कारण एम्स में जो मरीज भर्ती हुए हैं, उनके साथ आए लोगों को रात्रि ठहराव के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात्रि के समय तीमारदार को मरीज के साथ रुकने की अनुमति नहीं होती। रात्रि आश्रय बनने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। श्री नड्डा ने कहा कि एम्स में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। कहा कि एम्स में चिकित्सक लगातार बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^