03-Sep-2023 07:12 PM
4744
शिमला, 03 सितंबर (संवाददाता) हिमाचल के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज धरोटी गांव में गत रात हुए भीषण अग्निकांड स्थल का दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने दुखद घटना पर खेद जताया और कहा कि प्रदेश सरकार संकट की इस घडी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में 12 परिवार बेघर हो गए हैं और नौ परिवारों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि इन विस्थापित परिवारों के लिए रहने की व्यवस्था गांव में ही कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, सभी प्रभावित 21 परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर 10 हजार रुपये प्रति परिवार दिये गये हैं।
श्री नेगी ने बताया कि 12 विस्थापित परिवारों को प्रशासन द्वारा बिस्तर, कंबल, बर्तन, रसोई सेट, तरपाल और सूखा राशन आदि सामान प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त, सभी 21 परिवारों को जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से हाइजीन किट, कंबल, तरपाल आदि उपलब्ध कराए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 02 सितम्बर की रात को हुई इस घटना में नौ कच्चे घर पूरी तरह जलकर राख हो गये, जबकि पांच कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।...////...