ग्वालियर के मुरैना मार्ग स्थित नगर द्वार का नाम "दाता बंदी छोड़" द्वार होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
15-Feb-2025 12:00 AM 686

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर के मुरैना मार्ग स्थित "नगर द्वार" का नाम सिखों के छठवें गुरु, गुरु हरगोविंद सिंह जी के नाम पर "दाता बंदी छोड़ द्वार" रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सिख समुदाय का गौरवशाली इतिहास रहा है, बड़ी संख्या में सिख परिवार इस क्षेत्र में निवासरत हैं। अतः ग्वालियर के मुरैना मार्ग पर पुराना छावनी क्षेत्र में बने "नगर द्वार" का नाम "दाता बंदी छोड़ द्वार" रखा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिखों के छठवें गुरु हरगोविंद सिंह जी को ग्वालियर के किले में मुगल बादशाह जहांगीर ने कई वर्षों तक बंदी बनाए रखा, अन्य 52 हिंदू राजा भी उनके साथ कैद में थे। मुगल बादशाह ने गुरू जी की आध्यात्मिक शक्ति-साधना से घबराकर उनको रिहा करने का निर्णय लिया। हरगोविंद सिंह जी ने अकेले रिहाई से मना कर दिया और 52 हिंदू राजाओं के साथ ही बाहर आने का संकल्प व्यक्त किया। मुगल बादशाह ने मजबूर होकर 52 हिंदू राजाओं को गुरु हरगोविंद सिंह जी के साथ रिहा किया।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^