19-Sep-2023 12:14 PM
5900
बारां 19 सितम्बर (संवाददाता) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने कहा है कि गुजरात के विकास मॉडल को देश के कई राज्य ही नहीं दुनिया के कई देश अपना रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच एवं सकारात्मक विजन के कारण आज भारत विश्व में विकास को लेकर पांचवें पायदान पर पहुंच गया है।
श्री पटेल बारां जिले के छबड़ा में अहिंसा सर्किल पर भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत सोमवार रात आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केन्द्र सरकार की कई योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि इनसे आमजन को समुचित लाभ मिला है और देश लगातार प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है। विकास के मामले में गुजरात वाइब्रेन्ट सम्मिट बड़ा उदाहरण है और आगामी जनवरी में गुजरात में यह दसवीं बार आयोजित किया जाएगा। जिससे एक लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 की सुरक्षित लैडिंग कराकर इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री की सोच है कि देश हर क्षेत्र में तरक्की करे। उन्होंने किसानों को सम्मान निधि के रूप में प्रतिवर्ष सहायता राशि जारी करने का जो निर्णय लेकर इसे शुरू किया है, उसकी जितनी तारीफ की जाए वह कम है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने से विकास का लाभ मिलता है। यह बात राजस्थान के लोग अच्छी तरह समझ चुके हैं। श्री पटेल ने कहा कि पिछले नौ सालों में मोदी सरकार ने बिजली, पानी, सड़क एवं शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए है। राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से देश की कनेक्टीविटी तीन गुना बढ़ गई है। केन्द्र सरकार ने कोरोना सक्रमण के दौरान 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया है। राजस्थान के चार करोड़ लोगों को इसका लाभ मिला है। देश को केन्द्र सरकार के इस कार्यकाल में पहली आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का गौरव भी मिला है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में परिवर्तन की लहर चल रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में यहां भी भाजपा की सरकार बनेगी।
सभा में क्षेत्रीय विधायक प्रतापसिंह सिंघवी ने कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का विकास थम गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में महज डे़ढ लाख मतों से पीछे रहने पर प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बन पाई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्ज माफी का झूठा वादा किया था। हालत यह है कि प्रदेश में 19 हजार कर्जदार किसानों की डिक्री हो चुकी है। नौजवानों को रोजगार एवं बेरोजगारी भत्ता नहीं मिल रहा है। पेपर लीक हो रहे हैं।
परिवर्तन यात्रा के प्रदेश प्रभारी चुन्नीलाल गरासिया ने दावा किया कि वागड, मेवाड़ व हाड़ोती में यात्रा को भरपूर समर्थन मिला है। इससे तय है कि यहां भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व यात्रा के जिला प्रभारी मुकेश दाधीच ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, युवा आत्महत्या कर रहे हैं। यहां 35 हजार करोड़ का खनन घोटाला हुआ है। महिलाओं पर अत्याचार के मामले कई गुना बढ़ गए है।...////...