गुटेरेस ने सूडान के ओमडुरमैन में हवाई हमले की निंदा की
09-Jul-2023 03:54 PM 8857
संयुक्त राष्ट्र, 09 जुलाई (संवाददाता) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सूडान में खार्तूम के पास ओमडुरमन शहर में हवाई हमले की निंदा की है। हमले में कथित तौर पर कम से कम 22 लोग मारे गए हैं। श्री गुटेरेस के उप प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। उप प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि श्री गुटेरेस ने एक बयान में शनिवार को हुए हमले में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बयान में कहा गया है कि श्री गुटेरेस पश्चिमी सूडान के दारफुर में बड़े पैमाने पर हिंसा और हताहतों की संख्या की रिपोर्ट से स्तब्ध हैं। वह उत्तरी कोर्डोफ़ान, दक्षिण कोर्डोफ़ान और ब्लू नाइल राज्यों में नए सिरे से लड़ाई की रिपोर्टों से भी चिंतित हैं। बयान में कहा गया है कि यह मानवीय और मानवाधिकार कानून की घोर उपेक्षा है जो खतरनाक और परेशान करने वाला है। श्री गुटेरेस इस बात से काफी चिंतित है कि इस सैन्य संघर्ष ने सूडान को पूर्ण पैमाने पर गृह युद्ध के कगार पर धकेल दिया है, जिससे संभावित रूप से पूरा क्षेत्र अस्थिर हो जाएगा। उन्होंने सूडानी सशस्त्र बलों और रैपिड सपोर्ट फोर्स से लड़ाई बंद करने का अपना आह्वान दोहराया और दोनों से नागरिकों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानवतावादी और मानवाधिकार कानून के तहत अपने दायित्वों का पालन करने का आग्रह किया। बयान में कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र संघर्ष को समाप्त करने के लिए अफ्रीकी संघ के तहत अंतरराष्ट्रीय प्रयासों पर जोर देना जारी रखेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^