हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान में हो रहे हैं कार्यक्रम
14-Aug-2025 12:00 AM 401

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सभी वर्गों के नागरिक उत्साहपूर्वक तिरंगा अभियान में भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न स्थानों में भाग ले रहे हैं। प्रदेश में हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत प्रदेश में बढ़-चढ़ कर कार्यक्रम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी हो रही है। स्थानीय निकायों, स्कूलों एवं अन्य संस्थानों में भी इस अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

बुधनी में निकाली मोटर साइकिल रैली

सीहोर जिले के बुधनी में नगर परिषद ने हर घर तिरंगा-हर घर स्‍वच्छता अभियान के अंतर्गत मोटर साइकिल रैली निकाली। यह रैली दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संपन्न हुई। रैली में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के नारों से शहर गूंज उठा। इसके बाद स्थानीय युवाओं ने राष्ट्रीय एकता को प्रदर्शित करने मानव श्रृंखला बनाई और हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता का संदेश दिया। रैली और मानव श्रृंखला में नागरिकों के साथ शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और सफाई मित्रों की भागीदारी प्रमुख रही। नगर परिषद की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता अर्जुन मालवीय की उपस्थिति में यह कार्यक्रम हुआ।

शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर

अनूपपुर जिले में 15 अगस्त तक ‘‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता पर केन्द्रित कार्यक्रम लगातार आयोजित किये जा रहे हैं। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के दिशा निर्देशन में स्कूलों में चित्रकला, निबंध, रैली और रंगोली जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय एकता का मजबूत करने के लिये आयोजित की जा रही हैं। जिले के शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर के विद्यार्थियों द्वारा मानव श्रृंखला के माध्यम से तिरंगा की आकृति बनाई गई। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर जैतहरी में मानव श्रृंखला, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के विद्यार्थियों द्वारा रंगोली एवं जनजागरूकता रैली, शासकीय हाईस्कूल कोतमा के विद्यार्थियों द्वारा चित्र बनाकर, पुष्पराजगढ़ विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खाटी के विद्यार्थियों द्वारा रैली निकालकर हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता का संदेश दिया। जिले के नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को और ऊंचाइयां प्रदान करने की अपील की।

© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^