13-Sep-2023 04:18 PM
4930
नयी दिल्ली, 13 सितम्बर (संवाददाता) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की स्थिति बहुत दर्दनाक है और प्रकृति ने वहां जो कहर बरपाया है उसने लोगों की खुशहाली छीन ली है इसलिए केंद्र सरकार को हिमाचल प्रदेश की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए।
श्रीमती वाड्रा ने कहा, “हिमाचल प्रदेश में स्थिति बहुत दर्दनाक है। राज्य के लोगों का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। हमने कल भी कहा था कि सबको एकजुट होकर इस आपदा का सामना करना होगा। अगर केंद्र सरकार इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दे तो इससे राज्य को काफी मदद मिलेगी।”
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि मोदी सरकार को अमेरिका के सेब पर आयात में छूट देने की चिंता है और वहां के सेब उत्पादक किसानों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें अपने सेब किसानों की मदद करने की चिंता नहीं है। अपने सेब किसानों की मदद करने की बजाए वह अमेरिका के किसानों की मदद कर रही है।
कांग्रेस महासचिव ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ कई आपदा पीड़ित क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ितों की परेशानियां सुनीं तथा राज्य सरकार की ओर से हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया। वह आपदा से तबाह हुए शिमला के शिव बावड़ी स्थित शिवमंदिर पहुंचीं और आपदा पीड़ितों से मुलाकात की। इस मंदिर के नजदीक हुए भूस्खलन में 21 लोगों की जान चली गई थी।...////...