‘इंडिया’ के सभी दलों को तीन राज्यों के नतीजों का संकेत समझना चाहिए : विजय चौधरी
05-Dec-2023 07:51 PM 3471
पटना 05 दिसंबर (संवाददाता) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की वरिष्ठ नेता और बिहार के वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अब समय आ गया है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सभी दल एक साथ बैठें और तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों के नतीजों के संकेतों को समझें। श्री चौधरी ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि हिंदी पट्टी के इन तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजों से स्पष्ट संकेत मिल गया है। उन्होंने कहा कि अब विपक्षी गठबंधन इंडिया के सभी दलों के लिए एक साथ बैठने और संकेत को समझने का समय आ गया है। जदयू नेता ने कहा, 'यदि पार्टियां एक साथ संकेत को समझें तो यह गठबंधन इंडिया के हित में होगा। उन्होंने नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की 06 दिसंबर को निर्धारित बैठक को स्थगित करने के बारे में मीडियाकर्मियों द्वारा दी गई जानकारी का जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में फ़िलहाल कोई जानकारी नहीं है। गौरतलब है कि तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनावों में हार का ठीकरा सभी पार्टियों ने कांग्रेस पर फोड़ा है। सभी पार्टियों का आरोप है कि कांग्रेस ने तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने से पहले उन्हें भरोसे में नहीं लिया। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अखिलेश यादव की मध्य प्रदेश में छह सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग को मानने से इनकार कर दिया था। इतना ही नहीं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी श्री अखिलेश यादव को यह कहते हुए पहचानने से इनकार कर दिया था कि कौन हैं- अखिलेश-वखिलेश।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^