31-Aug-2023 06:25 PM
5507
बेंगलुरु, 31 अगस्त (संवाददाता) पूर्व प्रधानमंत्री एवं जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इनक्लूसिव एलायंस 'इंडिया' गठबंधन में शामिल होने के प्रति अपनी उदासीनता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी समूह में शामिल होने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि समय ही निर्धारित करेगा कि देश का भविष्य क्या होने वाला है।
उन्होंने पूछा कि 'मैं अन्य राजनीतिक दलों के बारे में विस्तार से बात कर सकता हूं। यह इंडिया क्या है , जो भी हो, मैं बहुत कुछ बोल सकता हूं। मैं उनका नाम ले सकता हूं, लेकिन मैं किसी नेता को आहत नहीं करना चाहता। वे मेरे पुराने दोस्त हैं। चीजों को आगे बढ़ने दें। जब एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तो कितने नेता यहां बेंगलुरु आए थे, वे कहां हैं।'
उन्होंने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि 'इंडिया या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) खेमे में शामिल होने की कोई आवश्यकता नहीं है। समय निर्धारित करेगा कि इस देश का भविष्य क्या होगा। मैं आप सभी से बस यही अपील कर सकता हूं कि समय ही निर्धारित करेगा कि क्या होने वाला है। कृपया सहयोग करें।'
श्री देवगौड़ा ने यह टिप्पणी इंडिया या एनडीए में शामिल होने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में दी। वह पिछले लोकसभा चुनाव से पहले संयुक्त मोर्चा के विघटन का उल्लेख कर रहे थे, जब मई 2018 में श्री कुमारस्वामी के कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में संयुक्त मोर्चा नेता एक साथ आए थे।
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक को विपक्षी दलों के बीच एक 'म्यूजिकल चेयर' करार दिया।
श्री पात्रा ने नयी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 'आप सभी जानते हैं कि घमइंडिया बैठक मुंबई में चल रही है। इन पार्टियों ने 20 लाख करोड़ रुपये का घोटाला और भ्रष्टाचार किया है। विपक्षी दलों के बीच इस 'म्यूजिकल चेयर' को किसी स्पष्टीकरण की आवश्यकता नहीं है। विपक्षी दलों की ऐसी बैठकें हमारे लिए नयी नहीं हैं, चाहे वह 2014 हो या 2019 हो।'
इंडिया गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी योजनाओं पर चर्चा करने के लिए मुंबई में अपनी तीसरी बैठक का आयोजन कर रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि नेताओं के बीच सीटों के बंटवारे पर चर्चा होने का अनुमान है।
सभी सदस्य दलों के बीच समन्वय स्थापित करने और उसे बढ़ावा देने के लिए एक सचिवालय स्थापित करने पर भी चर्चा हो सकती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दो दिवसीय बैठक में और ज्यादा क्षेत्रीय दल इस गठबंधन में शामिल हो सकते हैं।...////...