29-Jul-2022 06:40 PM
6650
सिरसा 29 जुलाई (AGENCY) इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में जिला परिषद के चुनाव इनेलो अपने पार्टी सिंबल पर लड़ेगी, उम्मीद है जिसके सकारात्मक परिणाम आएंगे।
श्री चौटाला शुक्रवार को रानियां हलके के अपने चार दिवसीय जनसंपर्क अभियान के दौरान गांव साहुवाला प्रथम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेशभर में हुए निकाय चुनावों में कुछ स्थानों पर इनेलो अपने पार्टी सिंबल पर लड़ी और उसके बेहतर परिणाम सभी के सामने हैं। इनेलो नेता ने कहा कि पार्टी पंचायती चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है और सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को भी इसके लिए कमर कसनी चाहिए।
श्री चौटाला ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति चौधरी देवीलाल जयंती पर सम्मान दिवस समारोह इस बार फतेहाबाद में आयोजित किया जाएगा,जो ऐतिहासिक होगा। इस सम्मान दिवस समारोह में हरियाणा से लाखों लोग चौधरी देवीलाल को श्रद्धासुमन देकर उनके प्रति अपनी श्रद्धा जाहिर करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में केवल हरियाणा से ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी अनेक लोग चौधरी देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि उनका संघर्ष किसी विधायक अथवा मंत्री पद हासिल करने के लिए नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों में इनेलो को सत्तासीन करने का है, इसके लिए वे पार्टी को समर्पित होकर पूरे हरियाणा में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। जनसंपर्क अभियान में उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, इनेलो महिला जिलाध्यक्ष कृष्णा फौगाट,पूर्व चैयरमेन सुभाष नैन, जरनैल चंदी, सतपाल छतरियां, रवि जांगड़ा खारियां व गुरप्रीत सिंह गिल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।
उन्होंने रानियां हलका में फैले नशे के जाल पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि स्थानीय विधायक और हरियाणा में बिजली मंत्री रणजीत सिंह इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रहे। उन्होंने प्रश्र किया कि पिछले तीन सालों के दौरान रानियां हलके के विकास के लिए बिजली मंत्री ने कोई भी सकारात्मक कदम नहीं उठाया जिससे हलके की जनता हताश है। उन्होंने कहा कि नशे के जाल को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन भी कोई कड़े कदम नहीं उठा रहा जो यह प्रदर्शित करता है कि पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है। इसके बाद में उन्होंने कर्मगढ़, खुइयां नेपालपुर, पन्नीवाला मोटा, भागसर, चक्कां, खाईशेरगढ़ सहित करीब 20 गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद किया।...////...