23-Aug-2023 08:10 PM
8335
पेरिस/नयी दिल्ली, 23 अगस्त (संवाददाता) चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को दुनियाभर से बधाई मिल रही है।
अमेरिकी अनुसंधान एजेंसी नासा और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) ने इस अभियान में लैंडर माड्यूल विक्रम को धरती के एकमात्र उपग्रह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव की सतह पर उतारने में इसरो की सफलता को अद्भुत बताया है और कहा है कि इसके माध्यम से भारत में कई नयी प्रौद्योगिकियों को सफलतापूर्वक सिद्ध किया है।
नेशनल स्पेस एजेंसी ऑफ अमेरिका नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने इसरो को बधाई देते हुए ट्वीट किया, “इसरो आपको चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान 3 को सफलतापूर्वक उतारने और भारत को भी चंद्रमा की सतह पर सधे तरीके से पहुंचने वाला चौथा देश बनने पर बधाई! इस मिशन में आपके साथ भागीदार होने पर हमें प्रसन्नता है।”
यूरोपीय एजेंसी ईएसए के महानिदेशक जोसेफ एशबैकर ने ट्वीट किया, “ अद्भुत! इसरो, चंद्रयान-3 और भारत की समस्त जनता को बधाई! विभिन्न नयी प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने और अंतरिक्ष में किसी अन्य खगोलीय पिण्ड पर सधे तरीके से भारत के पहले अवतरण में सफलता का कितना अद्भुत प्रदर्शन! शाबाश! मैं बहुत प्रभावित हूं। एकबार फिर बधाई!”
उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता की घोषणा करने वाले इसरो के ट्वीट को टैग किया है। जिसमें कहा गया है कि मैं अपने ठिकाने पर पहुंच गया हूं और आप भी!
ब्रिटेन की अंतरिक्ष एजेंसी ने ट्वीट किया, “इतिहास रचा गया। इसरो को बधाई! एजेंसी ने इस ट्वीट के साथ भारत का झंडा और चांद की तस्वीर भी लगायी है।...////...