इसरो ने जारी की चंद्रयान-3 लैंडर के कैमरे से ली गई तस्वीरें
18-Aug-2023 06:58 PM 4249
चेन्नई 18 अगस्त (संवाददाता) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान -3 लैंडर के मॉड्यूल (एलएम) से अलग होने के तुरंत बाद कैमरा -1 से ली गई तस्वीरें शुक्रवार को जारी की। इसरो ने आज यहां बताया कि कैमरा-1 से 15 और 17 अगस्त को ली गई दो तस्वीरें जारी गई हैं। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि ‘चंद्र’ (चंद्रमा) की 15 अगस्त को लैंडर पोजिशन डिटेक्शन कैमरा (एलपीडीसी) से तस्वीर खिंची गई थी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को आगे बढ़ाने वाले मॉड्यूल से लैंडर मॉड्यूल के अलग होने के तुरंत बाद चंद्रयान -3 लैंडर इमेजर (एलआई) कैमरा -1 द्वारा चंद्रमा की तस्वीर खिंची गई थी। इसरो ने 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग से पहले लैंडर मॉड्यूल की गति धीमी कर निचली कक्षा में भेजने के लिए अभियान शुरु करने से कुछ समय पहले ली गई तस्वीरें जारी की हैं। इसरो ने बताया कि 14 जुलाई को चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण के ठीक 34 दिन बाद सफलतापूर्वक प्रोपल्शन मॉड्यूल और लैंडर मॉड्यूल कल अलग हो गए और अपनी-अपनी यात्रा पर निकल पड़े। उन्होंने बताया कि चंद्रयान-3 में लैंडर मॉड्यूल, प्रोपल्शन मॉड्यूल और एक रोवर शामिल है। प्रोपल्शन मॉड्यूल का मुख्य कार्य लैंडर मॉड्यूल को लॉन्च वाहन को चंद्रमा की चारों ओर 100 किमी की कक्षा तक ले जाना है। इसरों के अनुसार लैंडर में एक निर्दिष्ट स्थल पर सॉफ्ट लैंडिंग करने और रोवर को तैनात करने की क्षमता है जो चंद्र सतह का इन-सीटू रासायनिक विश्लेषण करेगा। लैंडर और रोवर दोनों के पास चंद्र सतह पर प्रयोग करने के लिए वैज्ञानिक पेलोड हैं। इसरो के वैज्ञानिकों के अनुसार 23 अगस्त को शाम 5.47 बजे चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग निर्धारित है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^