जकार्ता की द्विपक्षीय बैठक में शामिल हुए डोभाल
17-Mar-2022 10:26 PM 2827
जकार्ता/नयी दिल्ली 17 मार्च (AGENCY) भारत और इंडोनेशिया के बीच गुरुवार को सुरक्षा वार्ता का आयोजन हुआ जहां आतंकवाद-विरोधी, समुद्रीय, रक्षा और साइबर सुरक्षा के क्षेत्रों में सहभागिता पर चर्चा की गई। वार्ता की सह-अध्यक्षता इंडोनेशिया के सुरक्षा मंत्री मोहम्मद महफूद एमडी और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने की। एक संयुक्त बयान में कहा गया कि सर्वश्री महफूद और डोभाल ने मौजूदा वैश्विक और सुरक्षा मुद्दों, आतंकवाद और हिंसक कट्टरपंथ विरोधी, साइबर सुरक्षा सहित साझा प्राथमिकता के कई मुद्दों की समीक्षा की। दोनों पक्षों ने इंडोनेशिया गणराज्य के राजनीतिक, कानूनी और सुरक्षा मामलों के समन्वय मंत्रालय और भारत गणराज्य के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के बीच सुरक्षा वार्ता के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। श्री डोभाल ने इंडोनेशिया में बैठक की मेजबानी के लिए मंत्री महफूद का आभार व्यक्त किया और तीसरे आईआईएसडी की सह-अध्यक्षता के लिए भारत में इंडोनेशिया की मेजबानी करने का निमंत्रण दिया। दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच पारंपरिक मैत्रीपूर्ण संबंधों और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के महत्व को भी स्वीकार किया और विश्वास व्यक्त किया कि संवाद उनके बीच सहयोग को मजबूत करेगा। जकार्ता में भारतीय दूतावास ने एक ट्वीट में कहा कि सुरक्षा वार्ता चार साल बाद हुई है। इससे पहले दोनों पक्षों ने जनवरी, 2018 में नई दिल्ली में अपनी पहली सुरक्षा वार्ता की थी। वर्ष 2018 में, संवाद की सह-अध्यक्षता एनएसए अजीत डोभाल और इंडोनेशिया के तत्कालीन सुरक्षा मामलों के समन्वय मंत्री जनरल एच विरांतो ने की थी। दोनों पक्ष सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी क्षेत्रों में परिचालन सहयोग पर सहमत हुए थे। दिसंबर 2016 में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान, दोनों पक्ष दोनों देशों के बीच सुरक्षा वार्ता स्थापित करने पर सहमत हुए थे। श्री डोभाल ने समुद्री और निवेश मामलों के समन्वय मंत्री और विदेश मामलों के मंत्री से भी मुलाकात की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^