झारखंड में जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी बनी उत्पाद एवं मध्य निषेध मंत्री
03-Jul-2023 08:27 PM 4444
रांची, 03 जुलाई (संवाददाता)झारखंड के दिवंगत शिक्षा और उत्पाद मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को आज राज्य का उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री बनाया गया। राज्यपाल ने इस आशय के प्रस्ताव की मंजूरी प्रदान कर दी। इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई। अधिसूचना के अनुसार शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संभालेंगे जबकि बेबी देवी को उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री बनाया गया है। इससे पहले आज दोपहर बाद झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने यहां राजभवन में बेबी देवी को मंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समय बेबी देवी किसी भी सदन की सदस्य नहीं है और उन्हें 6 महीना के अंदर विधानसभा का सदस्य बनना पड़ेगा। बेबी देवी के शपथ ग्रहण करने के साथ ही हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 11 मंत्री हो गए हैं। हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल में अभी-अभी एक मंत्री की सीट खाली है। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार झारखंड में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 मंत्री बन सकता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, राज्य सरकार के अधिकारी गण तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि बेबी देवी दिवंगत मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी है। 6 अप्रैल 2023 को झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में इलाज के दौरान निधन हो गया था। श्री महतो डुमरी विधानसभा से विधायक थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^