झारखंड में निर्बाध एवं क्वालिटी बिजली आपूर्ति लक्ष्य :हेमन्त सोरेन
03-Jul-2023 07:10 PM 3661
रांची, 03जुलाई (संवाददाता) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के एक-एक उपभोक्ता परिवार तक निर्बाध एवं गुणात्मक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में हमारी सरकार कृतसंकल्प है। श्री सोरेन ने आज 132/33 के०वी० ग्रिड सब-स्टेशन जरमुंडी एवं 132 के०वी० द्विपथ लिलो संचरण लाइन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस ग्रिड सब-स्टेशन के उद्घाटन होने से दुमका एवं देवघर जिले के विभिन्न क्षेत्र जैसे बासुकीनाथ तीर्थ स्थल, तालझारी, घोरमारा, जरमुण्डी, सोनारायथाड़ी आदि में बिजली की समस्या से लोगों को निजात मिल सकेगा। आने वाले समय में यह ग्रिड सब-स्टेशन अलग-अलग ग्रिडों से भी जुड़ेगा। बिजली की महत्ता से आज कोई भी अपरिचित नहीं है। बिना बिजली के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आज झारखण्ड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड एवं झारखण्ड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के पदाधिकारियों, कर्मचारियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूँ जिन्होंने राज्य के प्रत्येक व्यक्ति को निर्बाध एवं गुणात्मक बिजली पहुँचाने का दृढ़ संकल्प लिया है। मैं उद्घाटन समारोह स्थल पर उपस्थित सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं आप सभी सम्मानित नागरिकों को इस कार्य के सफल संपादन में सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^