कांग्रेस अकबर को महान, भाजपा छत्रपति शिवाजी व महाराणा प्रताप को महान पढ़ाती है : आदित्यनाथ
07-Nov-2023 05:51 PM 7251
शाजापुर, देवास, 07 नवंबर (संवाददाता) उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अकबर को महान पढ़ाया, जबकि भारतीय जनता पार्टी छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप को महान पढ़ाती है। श्री आदित्यनाथ मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के शुजालपुर और देवास में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत की 142 करोड़ जनता को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक परिवार मानते हैं। काशी विश्वनाथ में जाइए तो नई काशी का दर्शन होता है। केदारपुरी में भगवान केदारनाथ का भव्य दर्शन होता है। उज्जैन में महाकाल महालोक आने पर एक नई अनुभूति होती है। अब तो अयोध्या पुरी भी तैयार हो चुकी है। आने वाली 22 जनवरी को भगवान रामलला अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजमान हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नाम ही समस्या है। देश में नक्सलवाद, उग्रवाद और भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। देश के बच्चों को कांग्रेस अकबर महान पढ़ाती है, भारतीय जनता पार्टी छत्रपति शिवाजी और महारायणा प्रताप को महान पढ़ाती है। कांग्रेस के लिए भारत का इतिहास केवल नेहरू से प्रारंभ होता है। कांग्रेस वह पार्टी है, जिसने भगवान राम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व को भी नकार दिया था। श्री योगी आदित्यनाथ ने शाजापुर के कालापीपल, देवास के खातेगांव और सोनकच्छ में भी जनसभाओं को संबोधित किया है। शुजालपुर में श्री आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया है। 500 वर्षों के विवाद का समाधान भी भाजपा की सरकार में हुआ। भारत की जनता को गुलामी की दृष्टि से देखने वाली कांग्रेस पार्टी फिर से भारत को गुलामी की ओर ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश ने भी जाति-पांति से ऊपर उठकर मतदान किया और भाजपा की सरकार बनाई, वहां की भी स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है, लेकिन राजस्थान और बिहार अभी भी बीमारू राज्यों में शामिल है। उन्होंने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के विकास के लिए बहुत कार्य किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^