कांग्रेस कार्यकर्ता का देश में लोकतंत्र बचाने का दायित्व बनता है: डोटासरा
17-Feb-2022 10:41 PM 7971
जयपुर, 17 फरवरी (AGENCY)राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा कि देश में असत्य तथ्यों के आधार पर भय एवं अविश्वास का माहौल कायम किया जा रहा है जिस कारण सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का देश के लोकतंत्र को बचाने हेतु कार्य करने के का दायित्व बनता है। श्री डोटासरा आज नागौर में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र में प्रशिक्षणार्थियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भाजपा की केन्द्र सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया जा रहा है। ईडी, आईटी के माध्यम से भाजपा की नीतियों का विरोध करने वालों को डराया का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिये पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, आईआईटी जैसे बड़े शिक्षण संस्थान दिये। उन्होंने कहा कि देश के सर्वांगीर्ण विकास हेतु पंचवर्षीय योजनायें बनाई थी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गॉंधी जो नई शिक्षा नीति लेकर आये थे उसी के परिणामस्वरूप आज भारत डिजिटल क्रांति के साथ 21वीं सदी में प्रवेश कर सका। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने विकास कार्य करने की बजाए कांग्रेस सरकारों के शासनकाल में निर्मित सार्वजनिक संस्थाओं को बेचने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के जनविरोधी निर्णयों की जानकारी लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर आम जनता के बीच सच्चाई उजागर करनी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सरकार द्वारा शिक्षा गुणवत्ता बनाने हेतु 1200 से अधिक अंग्रेजी माध्यम के महात्मा गॉंधी स्कूल खोलने का कार्य किया जिससे आने वाले समय में विद्यार्थियों का भविष्य सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को अब तक एक लाख से अधिक नौकरियां प्रदान कर रोजगार उपलब्ध करवाया है तथा एक लाख से अधिक नौकरियां प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना, मुफ्त दवा योजना लागू करने जैसे जनकल्याणकारी निर्णय लिये गये हैं। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता राजस्थान सरकार द्वारा जनहित में बनाई गई योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुॅंचे इसे सुनिश्चित करें तथा प्रचार-प्रसार कर योजनाओं को जन-जन तक पहुॅंचायें। इससे पूर्व श्री डोटासरा ने नागौर जिला कांग्रेस कमेटी के परिसर में बनने वाले नये हॉल एवं कमरों का शिलान्यास किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^