कांग्रेस शासन में केवल कांग्रेसियों का हुआ विकास-ठाकुर
23-Aug-2023 11:58 PM 2736
जयपुर 23 अगस्त (संवाददाता) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि उसके शासन में प्रदेश भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोजगारी, पेपर लीक एवं तुष्टिकरण में नम्बर वन है और केवल कांग्रेसियों का विकास हुआ है। श्री ठाकुर बुधवार को यहां युवा प्रतिनिधि सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में राजस्थान आज भ्रष्टाचार , महिला अपराध, बेरोजगारी, बेटी अपमान, पेपर लीक, तुष्टिकरण, भाई भतीजा वाद, साइबर क्राइम, गैंग वार , गैंग रेप , खनन माफिया एवं मंदिर तोड़ने में नंबर वन है। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने ठान लिया है कि गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान का नहीं केवल कांग्रेसियों का विकास हुआ है। कांग्रेस राजस्थान को सभी मामलों में पीछे से अव्वल करा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय नेत्री जो श्री गहलोत की भी काफी करीबी हैं, जो लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ का नारा देतीं हैं वो कहाँ हैं। राष्ट्रीय नेता जो बाकी सब जगह मोहब्बत की दुकान का ढोंग कर नफरत का सामान बेच रहे हैं वो कहाँ हैं। वर्ष 2018 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस की सरकार बनने के दस दिन के भीतर किसानों के समस्त प्रकार के कर्जे माफ करने का वादा किया था पर आज क्या हुआ है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज राजस्थान में फसल ख़राब होने पर कोई मुआवज़ा नहीं मिलता। किसान बाजरे की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से नीचे बेचने पर मजबूर हो गए हैं। पांच साल में किसानों को मिलने वाली बिजली के दाम दुगने हो गए हैं। लम्पी वायरस से राजस्थान में 12.5 लाख गौ माता प्रभावित हुई पर कांग्रेस की सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। श्री ठाकुर ने युवाओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से राजस्थान के घर घर जाकर गहलोत सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं से आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतिम कार्यक्रम मेरी मिटटी मेरा देश में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने का भी आग्रह किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^