12-Aug-2023 06:20 PM
1719
भोपाल, 12 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को घेरने के उद्देश्य से कथित कमीशनबाजी को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस नेताओं के ट्वीट को लेकर उठे विवाद के बाद आज भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करायी।
प्रदेश भाजपा की ओर से मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज यहां पुलिस की अपराध शाखा के समक्ष पहुंचकर तथ्यों के साथ विधिवत शिकायती आवेदन पत्र सौंपा और श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और अन्य पार्टी नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लिया और कहा कि वो झूठ और भ्रम फैलाकर उनकी सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने स्वयं इस मामले को दिखवाया है और न तो कथित पत्र लिखने वाले व्यक्ति का पता चला और न ही इस तरह के संगठन के पता आदि के बारे में कोई जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है।
इस बीच भाजपा की ओर से पुलिस को सौंपे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस नेताओं ने षडयंत्रपूर्वक किसी ठेकेदार एसोसिएशन के नाम से फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर प्रचारित कर जनता को भ्रमित करने और भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इसलिए ऐसा करने वाले कांग्रेस नेताओं के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होना चाहिए।
दरअसल सोशल मीडिया में कल से कथित ठेकेदार एसोसिएशन की आेर राज्य उच्च न्यायालय को लिखे गए कथित पत्र के आधार पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने ट्वीट किए। इसके बहाने इन नेताओं ने राज्य की भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। इस कथित पत्र में दावा किया गया है कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। इस पत्र में शिकायतकर्ता के रूप में ज्ञानेन्द्र तिवारी नाम के व्यक्ति का और पता ग्वालियर के बसंत विहार कालोनी लश्कर का जिक्र था। लेकिन मीडिया और पुलिस प्रशासन की पड़ताल में इस तरह का न तो कोई व्यक्ति मिला और न ही कोई संगठन मिला। इसके बाद भाजपा भी आक्रामक होकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सक्रिय हो गयी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज यहां मीडिया से कहा कि पार्टी इस मामले में संबंधितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएगी।
इसके बाद प्रदेश महामंत्री एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की अपराध शाखा पहुंचकर संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की और शिकायती पत्र सौंपा।
ठेकेदार संघ के इस कथित पत्र के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट के जरिए शुक्रवार को लिखा था, 'मध्यप्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50 प्रतिशत कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। कर्नाटक में भ्रष्ट भाजपा सरकार 40 प्रतिशत कमीशन की वसूली करती थी। मध्यप्रदेश में भाजपा भ्रष्टाचार का अपना ही रिकार्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्यप्रदेश की जनता 50 प्रतिशत कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।' इसके साथ ही श्रीमती वाड्रा ने कथित पत्र संबंधी न्यूज को पोस्ट किया था। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी इसी मामले को लेकर ट्वीट किए थे।...////...