केजरीवाल ने अपने मंत्रियों के साथ की पूजा
04-Nov-2021 10:25 PM 1771
नयी दिल्ली, 04 नवंबर (AGENCY) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया ने दिवाली के मौके पर त्यागराज स्टेडियम में आयोजित दिवाली पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। केजरीवाल सरकार ने इस बार ‘दिल्ली की दिवाली’ एक नए अंदाज में मनाया। मुख्यमंत्री ने अपनी कैबिनेट और दिल्लीवासियों के साथ त्यागराज स्टेडियम में दिवाली पूजन कर दिल्ली के अंदाज में प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। दिल्ली सरकार ने यागराज स्टेडियम में राम मंदिर की 30 फीट ऊंची और 80 फिट चौड़ी प्रतिकृति बनवाई थी, जहां मुख्यमंत्री ने अपने सभी मंत्रियों के साथ पूजा की। यहाँ झंडेवालान मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई, जबकि प्रख्यात गायक अनुराधा पौडवाल ने भजन और गीता चंद्रन ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। यागराज स्टेडियम दिवाली के अवसर पर आज भगवान श्रीराम के स्वागत में रंग-बिरंगी रौशनी से नहाया हुआ था। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बढ़ते प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए पटाखा रहित ‘दिल्ली की दिवाली’ मनाने के लिए एक नए अंदाज में तैयारियां की थी। पूरे स्टेडियम को बहुत ही खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। इस प्रतिकृति के समक्ष मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी कैबिनेट के साथ दिवाली पूजन की। दिवाली पूजन समारोह में कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, सत्येंद्र जैन, कैलाश गहलोत, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान हुसैन, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल और विधायकों समेत अन्य गणमान्य शामिल हुए। प्रख्यात गायक अनुराधा पौडवाल ने भजन गाकर आरती संपन्न कराई। दिवाली पूजन समारोह के आखिर में रामायण पर आधारित एक खास प्रस्तुति भी दी गई। करीब 10 मिनट की एनीमेटेड वीडियो को प्रदर्शित कर भगवान श्रीराम से मिलने वाले प्रेरणा को अनुभव कराया गया। वीडियो में लंका के युद्ध भूमि से लेकर रावण की पराजय के दृश्यों को दिखाया गया। इस वीडिया के जरिए यह बताया गया कि भगवान श्रीराम को पुरुषोत्तम क्यों कहते हैं? बताया गया कि जिस केवट ने भगवान श्रीराम को गंगा पार करवाया, ऐसे समान्य व्यक्ति को भी भगवान राम ने अपना माना। बानर को अपना भाई माना। गरुण, जटाउ जैसे पक्षियों को गले लगाया और अपने दुश्मन के भाई विभीषण को भी अपनाया। अगर हम अपने आप को प्रभु श्रीराम के भक्त मानते हैं, तो इस भाई-चारे के संकल्प को भी अपनाना होगा। यह सारी दुनिया एक परिवार है। कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई है और तीसरी लहर के आने की आशंका जताई जा रही है इसलिए त्यागराज स्टेडियम में आयोजित ‘दिल्ली की दिवाली’ समारोह में कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा गया। समारोह में शामिल गणमान्य लोगों के बैठने के स्थान में पर्याप्त दूरी रखी गई थी। आरती के दौरान भी सभी ने सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा। श्री केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार पिछले तीन वर्षों से दिल्ली की जनता के साथ मिलकर ‘दिल्ली की दिवाली’ मना रही है। साल 2019 में दिल्ली सरकार ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में दिल्ली की दिवाली का भव्य आयोजन किया। इसी तरह, पिछले साल भी दिल्ली सरकार ने प्राचीन अक्षरधाम मंदिर में दिवाली पूजन का आयोजन किया था और कोरोना महामारी से जूझ रही दिल्ली और पूरे देश को मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^