केंद्रीय मंत्री से आपदा प्रभावित हिमाचल के लिए माँगे 10 हजार आवास: अनुराग
01-Nov-2023 07:47 PM 4916
नयी दिल्ली/शिमला, 01 नवंबर (संवाददाता) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा व खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत और 10 हजार आवासों की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। हाल ही में श्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत गिरिराज सिंह से 11000 घरों व 27 हजार किलोमीटर सड़क की मंज़ूरी कराई थी। श्री ठाकुर ने कहा,“ हाल ही में हिमाचल प्रदेश ने अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा की मार झेली है। संपूर्ण हिमाचल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से संवाद करते हुए अभी की स्थिति के हिसाब से प्रभावित क्षेत्रों में और घरों के निर्माण की आवश्यकता है क्योंकि आपदा में भारी संख्या में आमजनों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसी के मद्देनजर और लोक भावना को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह जी से हिमाचल प्रदेश हेतु 10 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्रामीण आवासों की मांग रखी है। इससे हिमाचल और हिमाचलवासियों के पुनरुत्थान में काफी सहायता मिलेगी। श्री ठाकुर ने कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर माना है और देवभूमि को सुविधाएँ देने में कभी कोई कमी नहीं रखी। हाल ही में श्री गिरिराज सिंह से उनके मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले प्रधानमन्त्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत हिमाचल में बारिश-बाढ़ प्रभावित पात्रों को घर देने का अनुरोध किया था। जिसे सहर्ष स्वीकारते हुए श्री गिरिराज सिंह ने हिमाचल में 11000 घरों के निर्माण की मंज़ूरी दी थी।” उन्होंने हिमाचल के प्रति इतनी सहृदयता दिखाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्री गिरिराज सिंह का आभार व्यक्त किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^