लद्दाख हादसे में नेहरा का सैनिक विजय कुमार शहीद, सुक्खू ने जताया शोक
20-Aug-2023 04:59 PM 2870
शिमला, 20 अगस्त (संवाददाता) लद्दाख में हुए सड़क हादसे के शहीद नौजवानों में से एक जवान हिमाचल प्रदेश के शिमला ग्रामीण उपमंडल के गांव नेहरा का रहने वाला है। सैनिक विजय कुमार हवलदार के पद पर तैनात था। उनका एक बेटा डेढ़ साल व दूसरा बेटा छह साल का है। गौरतलब है कि लेह हादसे में सबसे अधिक हरियाणा के चार जवान शहीद हुए है। पंजाब, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और पंजाब के एक-एक जवान शहीद हुए है। हरियाणा के 23 साल के जवान अनिल कुमार घायल हुए है। शनिवार शाम लद्दाख के कियारी के समीप सड़क हादसे में नौ जवानों की मौत हुई व एक घायल हुआ। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास केरी की तरफ बढ़ रहे थे। इस दौरान ये हादसा पेश आया। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई है। हादसे के तुरंत बाद जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। वहीं, हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को लद्दाख के कियारी के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में शहीद हुए शिमला ग्रामीण उपमंडल के गांव नेहरा के सैनिक विजय कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने भारतीय सेना के आठ अन्य जवानों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया है जिन्होंने इस दुःखद घटना में अपने प्राणों का बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^